
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
नगर परिषद बिलासपुर के तत्वावधान में वीरवार को शहर के वार्ड नंबर-2 में स्थित बाबा बंगाली पार्क में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों को गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सफाई व्यवस्था को लेकर जानकारी दी गई। उड़ान थियेटर ग्रुप के कलाकारों ने जागरूक करने के साथ-साथ लोगों का मनोरंजन भी किया। कार्यक्रम में नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कलाकारों ने सुनो-सुनो बिलासपुर वालों, सबको ये बताना है… समूह गान से सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही नुक्कड़ नाटक में गिले व सूखे कूड़े को अलग-अलग करके कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को देने की जानकारी दी तथा शहर में बनाए गए पार्कों की सही देखरेख को लेकर भी जागरूक किया। कलाकारों में नवीन सोनी, अभिषेक सोनी, मिलाप शर्मा, दीक्षा ठाकुर, कोमल, अंशुल, कर्ण, अर्जुन आदि शामिल रहे। कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के मद्देनजर डोर-टू-डोर गरवेज कलेक्शन के तहत कार्य करवाया जा रहा है। अब एम.एस.डब्ल्यू-2016 नियम के तहत प्रत्येक घर का कचरा छंटनी करके लिया जाएगा। इस विषय को लेकर शहर के 11 वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को अपने घर में दो डस्टबिन रखने की सलाह दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से प्रबंधक वंदना लखनपाल, नगर परिषद के उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, वार्ड सदस्य शालिनी शर्मा, अविनाश कपूर, ओपी गर्ग, बाबू राम शर्मा, जगदीश कौंडल, लोकेश, अश्वनी, नगीन, रामपाल, मुनीष, सोनिका शर्मा, अंजना, माया, शिवानी व ललित सहित कई लोग उपस्थित रहे।
