बिलांवाली दंगल गांववासियों का था मेरा नहीं-कुंडलस
समस्त गांववासियों ने बैठक कर नप को दिया ज्ञापन
जनवक्ता ब्यूरो बद्दी
औद्योगिक नगर बददी के वार्ड नं नौ में बने दशहरा मैदान में बिना ईजाजत कुश्ती दंगल करवाने के मामले में नया मोड आ गया है। समस्त गांववासियों व दोनो दलों के नेताओं ने एकत्रित होकर इस मामले में रोष जाहिर किया है और नगर परिषद द्वारा कांग्रेस नेता को किए गए जुर्माने को तत्काल रदद करने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि गत दिनों बिलांवाली गांव ने नप द्वारा विकसित मैदान व पार्क में ट्रैक्टर से हल चलवाकर कुश्ती करवा दी थी जिससे मैदान की साज सज्जा दूषित हो गई थी। मौके पर गांववासियों की ओर से ट्रैक्टर चलाने वाले शहरी युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजीव कुमार कुंडलस पर नप ने 25000 रुपये जुर्माना देने व मैदान प्रयोग करने पर 5100 रुपये तीन दिन के भीतर जमा करवाने के आदेश दिए थे। उसी दिन से यहां सियासी पारा चढ गया था क्योंकि इस मामले की शिकायत शहरी भाजपा प्रधान व पार्षद तरसेम चौधरी ने सरकार को की थी। इसी संदर्भ में शहरी विकास विभाग की कार्यवाही से आहत होकर मंगलवार को बिलांवाली गांव के मंदिर में एक हंगामी बैठक हुई जिसमें दोनो दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं तथा आमजन ने भाग लिया। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष संजीव कुमार कुंडलस ने कहा कि यह दंगल मेरे घर का नहीं था बल्कि समस्त ग्रामीणों का था इसलिए जुर्माने का कोई औचित्य नहीं बनता और यह सारी कार्यवाही राजनीति से प्रेरित है। वहीं ग्रामीणों ने नगर परिषद को दिए पत्र में बताया है कि कहा कि जुर्माने को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए वहीं मैदान प्रयोग करने के लिए जो राशि बनती है उसको हम जमा करवाने के लिए तैयार हैं। उन्होने कहा कि मैदान को कोई नुक्सान नहीं पहुंचाया गया अगर पहलवानों के लिए थोडा बहुत मिट्टी को नर्म बनाया गया तो उसको पूरी तरह उसी हालत में दुरुस्त कर दिया जाएगा। इस अवसर पर मनोनीत पार्षद महेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह लुबाणा, शहरी कंाग्रेस प्रधान संजीव कुमार कुंडलस, पूर्व पार्षद इंद्रराम, केवल, कर्मचंद, सोमनाथ, कुलदीप सिंह, गुरपाल सिंह, अजमेर सिंह, गुरनाम सिंह, बरयाम, बनारसी दास, अर्जुन सिंह, निर्मल सिंह,, राजकुमार, मनजीत सिंह व गुलजार सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

