• Wed. Feb 4th, 2026

सोलन जिला के लिए 2670 करोड़ रुपए की योजना का लोकापर्ण

Byjanadmin

Dec 13, 2018


जनवक्ता ब्यूरो सोलन
उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की सोलन जिला की वर्ष 2019-20 की 2670 करोड़ रुपए की संभाव्यता युक्त ऋण योजना का लोकार्पण किया। विनोद कुमार ने इस अवसर पर कहा कि इस योजना का सफल कार्यान्वयन जिला के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभिन्न बैंक अधिकारयों से आग्रह किया कि वे संभाव्यता युक्त ऋण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत निर्धारित भिन्न-भिन्न क्षेत्रों का आर्थिकी में महत्वपूर्ण योगदान है तथा इनके लिए स्वीकृत धनराशि का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने इस सन्दर्भ में लोगों तक पूर्ण जानकारी पंहुचाने का आग्रह भी किया। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के डीडीएम रविन्द्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष वर्ष 2019-20 की संभाव्यता युक्त ऋण योजना का निर्धारण पिछली योजना की प्रगति, जिला के संसाधनों एवं अन्य विभिन्न योजनाओं के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष की योजना में 1366 करोड़ रुपए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों, 468 करोड़ रुपए फसल उत्पादन, 257 करोड़ रुपए कृषि आधारभूत संरचना एवं सहायक गतिविधियों तथा 150 करोड़ रुपए कृषि सावधि ऋण के लिए निर्धारित किए गए हैं। 429 करोड़ रुपए निर्यात, शिक्षा, आवास एवं अन्य क्षेत्रों के लिए निर्धारित किए गए हैं। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष की ऋण योजना में 04 पतिशत की बढ़ौतरी की गई है। जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक के जिला प्रबन्धक जे.पी. नेगी ने कहा कि सोलन जिला के सभी बैंको को वर्ष 2019-20 की योजना के लक्ष्य भेज दिए गए हैं। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार योजना के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्य करें। इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबन्धक स्वर ग्रोवर, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सोलन जिला में कार्यरत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *