बंबर ठाकुर ने बताया कि सौ गाडिय़ों का काफिला बिलासपुर से निकलेगा
तीन राज्यों में मिली कांग्रेस पार्टी को जीत को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित
सदर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर करेंगे परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
तीन राज्यों में मिली कांग्रेस पार्टी को जीत को लेकर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उत्साहित है तथा इस उत्साह को बरकरार रखते हुए आगामी लोकसभा तक मिशन राहुल लाओ देश बचाओ तक कामयाब बनाना है। हालांकि यह कार्य पिछले फरवरी महीने से शुरू हो चुका लेकिन अब प्रदेश और देश की मांग को देखते हुए इस अभियान को और तेज करने की आवश्यक्ता है।

शनिवार को बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से विशाल रैली का शंखनाद
इसी फेहरिस्त में शनिवार को बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से विशाल रैली का शंखनाद होगा तथा पूरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इसका दौरा होगा। यह उदगार बिलासपुर में आयोजित एक बैठक में सदर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि शनिवार को सदर विस क्षेत्र से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ होगा। शनिवार सुबह सात बजे स्थानीय परिधि गृह में सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्रित होंगे तथा यहां से देहरा के लिए कूच करेंगे। बंबर ठाकुर ने बताया कि कम से कम सौ गाडिय़ों का काफिला बिलासपुर से निकलेगा तथा दस बजे हमीरपुर बाजार में पदयात्रा कर गांधी चौक पर जनसभा का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात नादौन, ज्वाला जी होते हुए देहरा विस क्षेत्र के अंतिम छोर पर यात्रा का एक पड़ाव विशाल जनसभा से संपन्न होगा तथा वापिस यह परिवर्तन यात्रा वाया सुजानपुर होते हुए आएगी। बंबर ठाकुर ने कहा कि अभी हाल ही में तीन राज्यों में कांग्रेस पार्टी को मिले बहुमत से तय हो गया है कि देश की जनता परिवर्तन के पूरे मूड में है। उन्होंने कहा कि मंहगाई और भ्रष्टाचार के साथ तानाशाही का पर्याय बन चुकी केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश की जनता तंग आ चुकी है। देश को सुशासन देने का वायदा करके लोगों से उनकी बहुमूल्य ताकत हथियाने वाली भाजपा सरकार के दिन अब गिनती के हैं। बंबर ठाकुर ने कहा कि देश की जनता युवा नेता राहुल गांधी की नीतियों पर विश्वास कर रही है तथा शीघ्र ही उन्हें देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होते हुए देखना चाहती है। उन्होंने कहा हमीरपुर लोक सभा से सांसद अनुराग ठाकुर पिछले तीन टैन्योर में इस लोस क्षेत्र का विकास करवाने में पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं। बिलासपुर से इनका सौतेला व्यवहार किसी से छुपा नहीं है। इस जिले के लिए सांसद महोदय ने बड़ी बड़ी योजनाएं लाने का दावा किया है लेकिन एक भवन तक इनसे बन नहीं पाया है। बंबर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में विजय का मिथ्या भ्रम पाल रहे सांसद अनुराग ठाकुर का हाल भी अपने पिता प्रो. प्रेम कुमार धूमल की तरह ही होने वाला है। बैठक में टिहरा वार्ड सदस्य निर्मला देवी, आशा देवी, बलदेव ठाकुर, योगराज, वार्ड सदस्य जोगेंद्र, रवि कुमार, राजेश शर्मा व अनीश मोहम्मद आदि मौजूद थे।

