
जनवक्ता ब्यूरो धर्मशाला
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज विधानसभा परिसर धर्मशाला में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा के मेडिकल जर्नल ‘सब हिमालयी जर्नल ऑफ हेल्थ रिसर्च’ को जारी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा का यह आधिकारिक प्रकाशन विशेषकर उप-हिमालयी क्षेत्रों में रोग प्रबंधन व निदान से संबंधित अनुसंधानों पर सबसे नवीनतम जानकारी प्रदान करता है, इसलिए यह क्षेत्र के चिकित्सकों व अन्य चिकित्सकीय पेशेवरों को लाभान्वित करेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि समन्वित स्वास्थ्य देखभाल व गुणवत्ता एवं चिकित्सीय मांग को पूरा करने के लिए पहले से बनी मानसिकता को तोड़ने से हमारे चिकित्सा संस्थानों को मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा द्वारा प्रकाशित ऐसे मेडिकल जर्नल राज्य सरकार द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में राज्य सरकार के प्रयासों में पूरक एवं उपयोगी सिद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने इस तरह के उपयोगी प्रकाशन लाने के अपने प्रयास के लिए सलाहकार और संपादकीय बोर्ड को भी बधाई दी और उनकी सराहना की। इस पत्रिका का सम्पादन डॉ. सुनील रैना द्वारा किया गया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के प्रधानाचार्य डॉ. भानु अवस्थी, महाविद्यालय की अतिरिक्त निदेशक डॉ. सुनयना शर्मा, सहायक संपादक डॉ. रमन चौहान और डॉ. रूपाली फुलझले भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
