दुखती रग पर हाथ रखने से तिलमिला जाते हैं भाजपाई
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
मोदी सरकार के लगभग 1600 दिनों पर कांग्रेस के चंद घण्टे भारी पड़ गए हैं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तो 15 लाख रुपयों का वादा पूरा नहीं हुआ,जबकि राहुल गांधी की इच्छाशक्ति और कांग्रेस के नए बने मुख्यमंत्रियों ने चंद घण्टों में ही किसानों की ऋण माफी का वायदा निभाकर साबित कर दिया है कि देश को को चलाने के लिए जुमलेबाज नहीं, काम करने वाले चाहिए।यह बात प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव व प्रवक्ता अभिषेक राणा ने कही। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी तो चंद राज्यो में यह काम हुआ है, जबकि आगामी लोकसभा चुनावों में पूरे देश में भाजपा की जुमलेबाजी का जबाव जनता देने वाली है। राणा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि चंद घण्टों और चंद राज्यों की जनता की मार ही भाजपा से सही नहीं जा रही है, लेकिन जब पूरे देश से नकारा जाएगा, तब इनकी हालात और हालत क्या होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है ।अभिषेक ने बयान में कहा कि राफेल के मुद्दे पर भाजपा तिलमिलाई हुई है,मगर कभी भाजपा के नेताओं और भक्तों ने ऐसी तिलमिलाहट जनता के लिए क्यों नहीं दिखाई, जब जनता के साथ जुड़े मुद्दों को भुलाकर भाजपा नेताओं ने चुनावी वायदों को जुमला बताया था । राणा ने कहा कि अगर भाजपा की दुखती रग पर हाथ रखा जाए तो यह तड़पना शुरू जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सपने दिखाकर सत्ता में आई भाजपा ने जनता से जुड़े मुद्दों पर भी काम करने की जरूरत समझी जिनकी वजह से आम आदमी बीते साढ़े चार सालों से त्रस्त हुआ पड़ा है ? राणा ने कहा कि पीएम को अब तक अपने झूठे अहम के वहम का भी अंदाजा हो गया होगा और रही सही कसर देश की जनता लोकसभा चुनावों में हटा देगी। जुमलों की भट्ठी एक मर्तबा ही चढ़नी थी, वो चढ़ चुकी है । अब की बार गरीबों की सरकार बननी तय है और अमीरों की सरकार की नैया हर हाल में डूबेगी ।

