
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
जिला परिषद अध्यक्ष अमरजीत बंगा, प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस जुखाला के अध्यक्ष बाबू राम सिसोदिया व ब्लॉक कांग्रेस के श्री नैना देवी के अध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री व पूर्व विधायक रणधीर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दोनों केवल शिक्षा विभाग में अध्यापकों की बदलियां करने में ही लगे हैं। जिसके कारण सभी पाठशालाओं में अध्यापकों की भारी कमी हो गई है। मज़े की बात तो यह हो गई कि यह तब्दीलियां प्रशासनिक ग्राउंड पर की जा रही है। हमें यह समझ नहीं आ रहा है कि यह कौन सा प्रशासनिक ग्राउंड है जिस पर यह बदलियां की जा रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री बार यह कह चुके हैं कि बेवजह से कोई भी शिक्षकों की बदली नहीं की जायेगी तो क्या यह बदलियां पूर्व विधायक बदले की भावना से तो नहीं करवा रहे हैं। इस बात पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री व प्रदेश के मुख़्य मंत्री जी को संज्ञान लेना चाहिए। प्रदेश के शिक्षा मंत्री यह बताएं कि नैना देवी विधानसभा क्षेत्र में जो बदलियां करके आपने जो स्कूल खाली करवा दिए वहां पर क्या अन्य शिक्षकों की तैनाती नहीं की जानी चाहिए थी। क्या इन शिक्षकों की बदलियां किन्हीं शिकायतों पर की गई हैं या फिर इन शिक्षकों ने रिज़ल्ट ठीक नही दिए थे। तो माननीय शिक्षा मंत्री जी कृपया ध्यान दीजिए कि कहीं पूर्व विधायक जी अपनी हार से दुखी होकर इन शिक्षकों से बदला तो नहीं ले रहे हैं। अगर हम आपको उदाहरण के तौर पर श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की केवल रत्नपुर धार के बारे में ही बताएं तो वहां पर पिछले 6माह में ही केंद्रीय पाठशाला मैथी में 3 जे बी टी व एक सी एच टी का पद, रा प्रा पा लादेहड़ा, सैकली, दडोग, कल्लर, लुहारड़ा में एक एक जे बी टी का पद तब्दीलियां करके खाली चल रहे हैं। जबकि शैक्षणिक सत्र अपने अंतिम चरण में चल रहा है और बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं सिर पर हैं और ऊपर से यह बदलियां, दूसरी तरह आपकी सरकार यह कहती नहीं थक रही है कि किसी भी अध्यापक की सेवानिवृत्ति बीच सत्र में नहीं होगी, तो आप ही बताओ कि खास कर श्री नैना देवी जी विधानसभा के बच्चों से इस भेदभावपूर्ण रवैया क्यों शिक्षकों की बदलियां करवा के किया जा रहा है।
