• Fri. May 8th, 2026

धर्मशाला की आभार रैली में प्रधानमंत्री के स्वागत की पूरी तैयारियां

Byjanadmin

Dec 26, 2018




सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर हर ओर प्रसन्नता का माहौल

तीन राज्यों में हार का दर्द भी कहीं न कहीं नेताओं के दिमाग में

प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या दे कर जाएंगे इस बारे में कयास

अरूण डोगरा रीतू
मुख्य संपादक

हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरा होने के उपरांत धर्मशाला में वीरवार को होने वाली आभार रैली में प्रधानमंत्री के स्वागत की पूरी तैयारियां कर दी गई हैं। जाहिर है इस रैली के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने वाले हैं। हालांकि प्रदेश में सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर हर ओर प्रसन्नता का माहौल है लेकिन तीन राज्यों में हार का दर्द भी कहीं न कहीं नेताओं के दिमाग में घर कर गया है। हिमाचल प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या दे कर जाएंगे इस बारे में कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह रैली हिमाचल प्रदेश में होने जा रही है। इस रैली में हिमाचल भाजपा के कई नेता राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश भी करेंगे। हिमाचल भाजपा के स्तंभ कहे जाने वाले पूर्व में मुख्यमंत्री तथा कई बार सांसद रहे शांता कुमार चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह संकेत भी इस रैली में सामने आएगा। हालांकि भारतीय जनता पार्टी 75 साल के फार्मूले पर अभी तक सख्ती नहीं कर पाई है। अब देखना यह होगा कि इस बार शांता कुमार के बारे में प्रधानमंत्री क्या संदेश देते हैं । वर्तमान सांसद और लोकसभा चुनाव के लिए टिकट के चाहवान नेता भी अपने-अपने तरीके से इस रैली में प्रदर्शन करने वाले हैं । जाहिर है हिमाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा वर्तमान में एक साल से बेहतर शासन चला रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को किस तरह से एकजुट होने का संदेश प्रधानमंत्री देकर जाएंगे यह देखना भी दिलचस्प होगा । जय राम ठाकुर सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार हिमाचल आ रहे हैं । शिमला में जब सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था उस रैली के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी आए थे । अब शिमला मंडी के बाद धर्मशाला को कवर करने का यह तरीका मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सूझबूझ कही जा सकती है । इस समय हर उक नजर इस ओर उठ रही है कि प्रधानमंत्री क्या सौगात देकर जाते हैं। अब यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है लेकिन सेना में हिमाचल के लिए रेजिमेंट, सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष से कम करना तथा कर्मचारियों की पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करना जैसे कई अहम मुद्दे समय सरकार के सामने खड़े हैं । अब इस पर नरेंद्र मोदी क्या कहते हैं यह तो रैली के बाद ही पता चल पाएगा ।

कांग्रेस पेश कर रही चार्जशीट

उधर कांग्रेस भी पूरी तैयारी कर चुकी है और वीरवार को ही शिमला में जयराम सरकार के खिलाफ कांग्रेस चार्जशीट पेश कर रही है। निश्चित है इसे सियासी माहौल राजनीतिक माहौल और अधिक गर्माएगा।

पोस्टरों में से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल गायब

इस रैली के लिए धर्मशाला शहर पूरी तरह से पोस्टर और होर्डिंग से भरा जा चुका है। चारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैनरों पर हिमाचल के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के फोटो लगे हुए हैं । धर्मशाला शहर के बीचोंबीच हिमाचल के बड़े नेताओं के अकेले पोस्टर भी लगे हैं लेकिन हैरानी की यह बात है कि उसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल गायब हैं। इन पोस्टरों पर शांता कुमार, जगत प्रकाश नड्डा और जयराम ठाकुर के चित्र देखे जा सकते हैं। धर्मशाला में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पोस्टर इक्का-दुक्का ही नजर आ रहे हैं । अभी इससे वर्तमान सरकार क्या संदेश देना चाहती है यह भी सोचने की बात है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *