हिमाचल देव भूमि और यहां का हर गांव देवी देवताओं का गांव
कांग्रेस किसानों के कर्ज माफी पर झूठ बोल रही
अरूण डोगरा रीतू
धर्मशाला
जब भी हिमाचल आने का मौका मिलता है, तो लगता है अपने घर आ गया हूं अपनों के बीच आ गया हूं। बहुत लंबे अरसे तक यहां के कोने कोने में जाकर संगठन का काम करने का सौभाग्य मिला, काफी कुछ सीखने को मिला। जिनके साथ उस समय काम करने का मौका मिला, आज खुशी है कि वे सभी हिमाचल की पहली पंक्ति के नेता बन गए हैं। यह बेहद खुशी का पल है। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के धर्मशाला में हिमाचल सरकार का एक साल पूरा होने पर आयोजित जन आभार रैली को संबोधित करते हुए कहीे। उन्होंने हिमाचल के शक्तिपीठों को वास्तव में शक्ति बताया और कहा कि यह देव भूमि है औरयहां का हर गांव देवी देवताओं का गांव है। हिमाचल आकर शांति व भाईचारा अनुभव होता है। यह हिमाचल की एक बड़ी पहचान है। यहां शांति की कोख से वीरता पैदा होती है। धर्मशाला ने आज खेल के क्षेत्र में दुनिया भर में अपना नाम बनाया है। बेहद कम समय में यहां का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हवाई सेवाओं और रेल नेटवर्क का काफी महत्व है और इसके लिए कार्य हो रहा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के कर्ज माफी पर झूठ बोल रही है। पंजाब में भी चुनाव से पहले कर्जमाफी के वादे किए गए थे लेकिन वहां भी कर्जमाफी नहीं हुई। कर्नाटक में भी सिर्फ कुछ सौ किसानों की ही कर्जमाफी दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस चाल को देशवासी समझते हैं औैर वैसे भी चुनाव जीतने के लिए देश के किसान की पीठ में छुरा भोंकना कब तक चलेगा। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार पूरी ईमानदारी से काम कर रही है और भ्रष्टाचार को रोक रही है। हर चोर दरवाजे से हो रही भ्रष्टाचार को रोका जा रहा है। वन रैंक वन पेंशन पर कांग्रेस ने किया गुमराह पीएम मोदी ने कहा कि वन रैंक वन पेंशन पर पूर्व की कांग्रेस सरकार ने सेना के जवानों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसे अब किसानों को गुमराह कर रही है, ठीक उसी तरह पहले जवानों को भी गुमराह किया था। उन्होंने कहा कि उस सरकार ने केवल लोगों की आंखों में धूल झोंकने का ही कार्य किया था। अब कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस किसानों से भी झूठ बोल रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांगड़ा की कांगड़ी धाम को भी नहीं भूला हूं। इस दौरान उन्होंने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में रेल नेटवर्क के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस रैली के लिए प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोग धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड पहुंचे हैं यह सरकार की लोकप्रियता को दर्शाते हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धर्मशाला पहुंचने पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने स्वागत किया। नरेंद्र मोदी ने यहां पहुंचने के बाद प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन किया। नरेंद्र मोदी का मंच पर पहुंचने पर सीएम मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने स्वागत किया। इसके बाद पीएम ने सरकार की एक साल की उपलब्धयिों को दर्शाती पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विकास की दृष्टि से प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल सफल रहा है। उन्होंने विकास में सहयोग देने के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने समग्र, संतुलित व चहुंमुखी विकास का श्रेय जनता को दिया। बकौल जयराम ठाकुर, सरकार ने इस अवधि के दौरान जनकल्याणकारी नीतियों व विकास को अंतिम छोर पर बैठे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास व जनता के सहयोग से हिमाचल देश में आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है। सरकार प्रदेश को शिखर तक ले जाने और देश में नंबर वन राज्य बनाने की हर संभव कोशिश करेगी। इसके लिए प्रदेश के लोग सहयोग जारी रखें। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश के विकास के लिए करोड़ों की विकास परियोजनाएं व उदार वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया है। रैली में राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नडडा, पूर्व सीएम शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, विधानसभा स्पीकर राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर सहित मंत्रिमंडल के सदस्य व विधायक मौजूद रहे।


