
जनवक्ता ब्यूरो नालागढ़
ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आवश्यकतानुसार सोलन जिला की ग्राम पंचायतों में मत्स्य पालन, भारत निर्माण केंद्र, संपर्क मार्गों तथा मोक्षधाम के निर्माण के लिए कार्य योजना तैयार करें। वीरेंद्र कंवर गत सांय सोलन जिला के नालागढ़ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उपमण्डल स्तर पर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अपने पहले ही बजट में विकास को गति प्रदान करने तथा लोगों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 30 नई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं के तहत आवश्यकतानुसार बजट उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लाभ लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाना आवश्यक है। पंचायती राज मंत्री ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों एवं निर्माण सामग्री के सही समय पर भुगतान के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर जल संरक्षण के लिए चैक बांध की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जाए ताकि इनके लिए सही समय पर धन उपलब्ध हो सके। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में गौंवश के लिए गौ विज्ञान केंद्र खोलने पर भी विचार कर रही है। उन्होंने नालागढ़ उपमंडल में कार्यान्वित की जा रही योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रदान की। बैठक में दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक चमन लाल, खण्ड विकास अधिकारी सोलन ललित दुल्टा, विकास खण्ड अधिकारी नालागढ़ हेमचंद शर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
