बाल स्कूल के मैदान में आयोजित किया जाएगा समारोह
जनवक्ता ब्यूरो हमीरपुर
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह गत वर्ष की तरह इस बार भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर के खेल मैदान में 26 जनवरी को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे है। यह जानकारी उपायुक्त डा ऋचा वर्मा ने मंगलवार को हमीर भवन में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के प्रबन्धों के लिए बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पुरूष तथा महिला पुलिस बल, होम गार्ड, एनसीसी, स्काऊट एण्ड गाईड तथा स्कूली बच्चों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा । समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा देश भक्ति से ओत-प्रोत गीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों के अतिरिक्त समस्त जिला वासियों से इस समारोह में उपस्थित होने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे जहां प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ेगा, वहीं राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन में सहभागिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह उपमंडल स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे जिसमें सम्बंधित एसडीएम राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
बैठक में एडीसी रत्तन गौतम, एएसपी रमन मीणा, एसीटूडीसी अनुपम ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

