सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट के लिए स्वीकृति हेतु भेजा 46 करोड़ रूप्ए का प्राकलन
खेलों के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आयोजित होंगी साहसिक खेलें
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
बिलासपुर को खेलों का हब बनाने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों पर करोड़ों रूपए व्यय किए जा रहें हैं ताकि नई उभरती खेल प्रतिभाओं को खेल के लिए उचित मंच मिल सके और वे राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखा सकें। यह उद्गार विधायक सुभाष ठाकुर ने लूहणू मैदान में लगभग 9 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित हो रहे सिंथैटिक ट्रैक में चल रहे कार्य प्रगति के निरीक्षण करने के उपरांत प्रकट किए। उन्होंने कहा कि यह सिंथैटिक ट्रैक अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए मापदंडों के आधार पर तैयार किया जा रहा है निकट भविष्य में यहां पर राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं के आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लगभग 9 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले सिंथैटिक ट्रैक को अत्याधुनिक रूप देने के लिए व अन्य विकास कार्यों को अंजाम देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 8 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जल,थल व नभ खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिला में साहसिक खेलों पैराग्लाईडिंग, जल क्रीड़ाओं के आयोजन किए जाएंगें।
उन्होंने कहा कि जिला में सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट बनाने के लिए वर्ष 2010 में 22 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए थे लेकिन 2010 से लेकर 2018 तक इस दिशा में कोई भी प्रगति न होने के कारण योजना का कार्य अधर में लटका रहा। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूची लेकर उन्होंने भाखड़ा व्यास प्रबन्धन बोर्ड के चैयरमेन से मुलाकात की और इस विषय पर चर्चा की तथा इस योजना की अनुमति प्राप्त की। उन्होंने बताया कि इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए अब पुनः 46 करोड़ रूपए का प्राकलन तैयार कर स्वीकृति हेतु सरकार को भेजा गया है। ताकि आने वाले समय में पूर्व नियोजित बिलासपुर जिले स्वच्छ व सुन्दर स्वरूप लोगों को देखने को मिल सके। इस मौके पर उन्होंने शहर के गंदे पानी की निकासी के लिए बने नाले का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि लूहणू परिसर से नाले का चैनेलाईजेशन किया जाएगा। जिसके लिए छोटी-छोटी नालियों की बजाए एक बड़ी मुख्य पाईप लाईन के माध्यम से गंदे पानी की निकासी की जाएगी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वे इस कार्य का शीघ्र प्राकलन तैयार करें ताकि प्रदेश सरकार से इस कार्य योजना के लिए पर्याप्त धनराशि की मांग की जा सके।
इस अवसर पर बिलासपुर मंडलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, एपीएमसी के अध्यक्ष हंसराज ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष रतन ठाकुर, हर्ष ठाकुर, विनोद ठाकुर, अधीशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग ई0 वीएन पराशर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ पुनीत शर्मा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
000

