
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
अमरीका के बोस्टन शहर में 26-28 फरवरी तक यूएसईएनआईएक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 16वीं नेटवर्क प्रणाली डिजायन और प्रभाव पर कांफे्रंस में पढ़े गये सभी रिसर्च पेपरों में से सुंदरनगर निवासी अनुज कालिया के रिसर्च पेपर को सर्वोत्तम घोषित किया गया है। यह कांफ्रेंस विश्व स्तर पर कंपयूटर सिस्टमस में आयोजित होने वाली समस्त कांफ्रेसों में उच्च स्तरीय मानी जाती है। इस कांफ्रेस में केवल कुछ चुनिंदा खोज पत्रों को ही कांफ्रेंस कमेटी द्वारा स्वीकृत किया जाता है। अनुज कालिया आईआईटी दिल्ली से वर्ष 2013 में बी-टैक कंपयूटर की डिग्री प्राप्त करने उपरांत इस समय अमरीका के पिटसबर्ग शहर में स्थित कारनेगी मैलन विश्वविद्यालय से कंपयूटर सिस्टम व नेटवर्किंग पर पीएचडी कर रहा है। इस पढ़ाई के लिए इस विश्वविद्यालय ने अनुज कालिया को पूर्ण स्कॉलरशिप शुरु से ही दे रखी है। वर्ष 2017 में अनुज कालिया की खोजों को ध्यान में रखते हुए फेसबुक रिसर्च द्वारा दो वर्षो के लिए फैलोशिप भी प्रदान की गई है। अनुज ने सुंदरनगर के सेंट मेरी स्कूल से प्राथमिक शिक्षा लेने के उपरांत मिल्ट्री स्कूल चैल से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्ष 2009-13 में आईआईटी दिल्ली से कंपयूटर में बी-टैक की डिग्री प्राप्त की थी। उसके पिता दर्शन कालिया हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत है और माता रेनु कालिया एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर में प्राध्यापक है।
