चुनाव आयोग से इस प्रकार के प्रसारण पर रोक लगाने की उठाई मांग
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व श्री नयना देवी के विधायक रामलाल ठाकुर ने कहा कि देश में चुनाव आचार संहिता की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की मिली भगत से यह सब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न टीवी चैनलों पर जिस प्रकार से सर्वे के नाम पर चुनाव को प्रभावित करने का कार्य चला हुआ है क्या वह चुनाव आचार संहिता का उल्लधंन नहीं है? उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह इस प्रकार के टीवी चैनलों के खिलाफ कार्रवाई करें और इस प्रकार के चुनाव प्रभावित करने वाले प्रसारण पर रोक लगाएं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से टीवी चैनल सर्वे के नाम पर लोगों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे है वह सब केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की मिली भगत से हो रहा है। रामलाल ठाकुर ने प्रदेश में भी चुनाव संहिता के उल्लधंन की बात कही। उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव के लिए इस प्रकार की गतिविधियों पर चुनाव आयोग को समय रहते रोक लगानी होगी।
वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई अधिकारी ऐसे है जो अपने चुनाव क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे है। और ऐसे पदों पर सेवाएं दे रहे है जो सीधी लोगों से जुड़ी है। ये अधिकारी भी चुनाव पर सीधा असर डाल सकते है। इस लिए प्रदेश चुनाव आयोग को भी इस संबंध में गंभीरता से सोचना होगा। इस बारे कड़े कदम उठाने होंगे।

