• Thu. Jul 2nd, 2026

नाकेबन्दी के दौरान 3.26 लाख की नकदी व 971.053 लीटर शराब जब्त

Byjanadmin

Mar 27, 2019


जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
मुख्य निर्वाचन कार्यालय के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि पुलिस, आबकारी तथा आयकर विभाग द्वारा गठित दस्तों द्वारा आज प्रदेश में की गई संयुक्त नाकेबन्दी के दौरान 3,26,485 रूपये की नकदी, 971.053 लीटर शराब, बीयर तथा लाहण इत्यादि के अतिरिक्त 0.005001 किलोग्राम हेरोईन तथा 0.12556 किलोग्राम चरस जब्त की गई।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज पुलिस के पास 4717 लाईसेंस प्राप्त हथियार जमा हुए और अब प्रदेश में कुल 51,929 हथियार जमा किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न असामाजिक गतिविधियों में सम्मिलित 21 व्यक्तियों की पहचान की गई और अब तक कुल 1154 व्यक्ति पकड़े जा चुके हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि आज उनके कार्यालय में प्राप्त कुल 7 शिकायतों में सभी शिकायतें आम जनता से प्राप्त हुई और अब तक प्राप्त कुल 97 शिकायतों में से 38 का निपटारा कर दिया गया है और शेष 59 शिकायतें सम्बन्धित विभागों को आगामी कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिलों में भी कुल 50 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 24 का निपटारा किया जा चुका है और शेष 26 शिकायतों में कांगड़ा जिला से 7, मण्डी से 5, शिमला से 1, हमीरपुर से 4, ऊना से 3, बिलासपुर से 3, सोलन से 2 तथा सिरमौर जिला से 1 शिकायत शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *