बुधवार को मोक्षधाम में सैंकड़ों लोगों ने दी उन्हें अंतिम विदाई
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
बिलासपुर नगर के डियारा सेक्टर के स्थायी निवासी एवं समाजसेवी मदरूराम (83) का निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री राम नाटक समिति के साथ करीब छह दशकों से जुड़े मदरू राम की ईमानदारी और सेवाभावना का हर कोई कायल था। फ्रंट व बैक स्टेज काम करने वाले मदरू राम सभी के चहेते थे। श्री राम नाटक समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद नंरेंद्र पंडित ने इस क्षति को अपूर्णीय करार देते हुए बताया कि यह समिति के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि हर साल शारदीय नवरात्रों में आयोजित होने वाली श्री राम लीला की तैयारियां एक महीना पूर्व शुरू हो जाती थी तथा स्वर्गीय मदरू राम अपनी टीम के साथ एक महीना पहले ही मंच सज्जा के कामों में जुट जाते थे। नए बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहे मदरू राम मंच के दौरान भी पूरी तन्मन्यता से अपना कार्य पूर्ण करते थे। उन्होंने कहा कि श्री राम नाटक समिति को स्वर्गीय मदरू राम की कमी सदैव खलेगी। उन्होंने तमाम समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ओर से ईश्वर से मदरू राम की आत्मा की शांति की कामना की है।

