
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की राज्य एड्स नियंत्रण सोसाईटी ने एच.आई.वी/एड्स की रोकथाम के लिए आज शिमला में एक अंतर-विभागीय बैठक का आयोजन किया। इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं राज्य एड्स नियंत्रण सोसाईटी के अध्यक्ष आर.डी. धीमान ने की। इस बैठक में एच.आई.वी. से सम्बन्धित विभिन्न सामाजिक, आर्थिक घटकों पर विचार किया गया।
सभी सम्बन्धित विभागों तथा संगठनों की इस बैठक में एच.आई.वी. होने के खतरे को कम करने तथा इससे पीड़ित व प्रभावित लोगों पर इसके प्रभाव में कमी लाने को मिली बहुक्षेत्रीय प्रतिक्रिया पर विचार किया गया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि विभिन्न विभाग एड्स पर नियंत्रण तथा रोकथाम के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है, जिससे देश में वर्ष 2030 तक एड्स उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
बैठक में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम पर प्रस्तुति प्रस्तुत करने के अलावा नोडल अधिकारियों के नामांकन, संवेदनशीलता सत्र, ‘नो यूअर स्टेट्स’ जैसे अभियान, विश्व रक्तदान दिवस जैसे विशेष दिवसों को मनाने, काॅर्परेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत एच.आई.वी. रोकथाम गतिविधियों को शामिल करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न हितधारकों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
