• Tue. Jun 30th, 2026

विभिन्न निर्वाचन सेवाओं की लोक मित्र केन्द्र देंगे मतदाताओं को सुविधा

Byjanadmin

Mar 29, 2019


जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
मतदाताओं को विभिन्न निर्वाचन सेवाओं तथा न्यूनतम मूल्यों पर फार्म-6, 6ए, 7, 8, 8ए इत्यादि जैसे विभिन्न पंजीकरण फार्म को ऑनलाईन भरने की सुविधा कॉमन सर्विस सेंटर अर्थात लोक मित्र केन्द्रों में प्रदान की जाएगी। यह जानकारी आज यहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने दी।
निर्वाचन पंजीकरण आवेदन फार्म के लेन-देन, मतदाना सूची की प्रति पेज प्रिंटिंग, मतदाता फोटो पहचान पत्र फार्म जमा करने, आवेदन की स्थिति का पता लगाने तथा शिकायतों के पंजीकरण का मूल्य एक रुपये से ज्यादा नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि आवेदक द्वारा ऑनलाईन आवेदन को सॉफ्ट कॉपी तथा फोटो सहित पंजीकरण के लिए जमा करवाया जाता है तो उसका मूल्य एक रुपये से ज्यादा नहीं लिया जाएगा। इसी प्रकार वैब कैमरे के माध्यम से फोटो तथा अपलोडिंग के लिए दस्तावेजों की स्कैनिंग का मूल्य दो रुपये लिया जाएगा। हालांकि इन केन्द्रों में न ही आवेदक से फोटो की हार्ड कॉपी ली जाएगी तथा न ही कम्पयूटर में रखी जाएगी। लोक मित्र केन्द्रों में आवेदक को नए पंजीकरण के लिए जन्म तिथि का प्रमाण जमा करवाना होगा।
इन केन्द्रों के माध्यम से मतदाता फोटो पहचान पत्र बनवाने का मूल्य 30 रुपये से ज्यादा नहीं लिया जाएगा। यह पहचान पत्र सात दिनों में बनाए जाएंगे तथा अतिरिक्त 8 दिनों के अन्दर आवेदक के घरद्धार पर प्रदान किए जाएंगे। यदि उपरोक्त समय सीमा का पालन नहीं किया गया तो लोक मित्र केन्द्रों को कोई भी मूल्य देय नहीं होगा। हालांकि यदि आवेदक स्वयं लोक मित्र केन्द्र से पहचान पत्र प्राप्त करता है तो इसका मूल्य 25 रुपये से ज्यादा नहीं लिया जाएगा।
लोक मित्र केन्द्र के सामने बोर्ड लगाकर तथा केन्द्र के भीतर पोस्टर, बैनर तथा प्रचार सामग्री प्रदर्शित कर लोक मित्र केन्द्रों को भारत निर्वाचन आयोग के सुविधा केन्द्रों के तौर पर लोकप्रिय बनाया जाएगा। निर्वाचन डाटा, राष्ट्रीय शिकायत निवारण सेवाएं (एनजीसी) तथा वोटर हैल्पलाईन 1950 को लोक मित्र केन्द्रों के साथ जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण केन्द्रों, बूथ स्तरीय अधिकारियों तथा अन्य निर्वाचन अधिकारियों के वर्तमान तंत्र के माध्यम से सभी नागरिकों को निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा सभी उपायुक्तों/उपमण्डली न्यायाधीशों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *