• Sun. Feb 1st, 2026

स्वच्छता ही सेवा अभियान को गति देने के लिए सामूहिक रूप से करे श्रम दान – विवेक भाटिया

Byjanadmin

Sep 21, 2018


खुले में कूड़ा फैंकने वालों पर दंड का किया जा रहा है प्रावधान

बिलासपुर
यह सुखद आश्चर्य की बात है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ राष्ट्र के सपने को पूर्ण करने के लिए देश के सभी वर्गों के सभी लोग अत्यंत उत्साहपूर्वक ढंग से अपने राष्ट्र के प्रति कतव्र्य का निर्वहन कर रहे है। यह उद्गार उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत 15 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक आयोजित किए जाने वाले स्वच्छता पखवाड़े के सातवें दिन व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्ग श्रम दान करके देश की तस्वीर को जिस स्वच्छता से परिपूर्ण कर रहे है वह न केवल समस्त विश्व के लिए अनुकरणीय उदाहरण ही है अपितु भारत की राष्ट्रीय एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने जिला के विभिन्न शिक्षा संस्थानों, पंचायती राज, स्वयं सेवी संस्थाओं, सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों, सांस्कृतिक दलो, महिला व युवक मण्डलों, व्यापारिक संस्थानो, उद्योगिकी संस्थानों, विशिष्ट विभूतियों तथा युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वच्छता ही सेवा अभियान को गति देने के लिए अपना अथाह योगदान दे रहे है जिसके परिणाम स्वरूप जिला के सभी क्षेत्रों में स्वच्छता सम्बन्धि गतिविधियों को विस्तार दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला को स्वस्थ व स्वच्छ बनाने के लिए अति आवश्यक है कि हम किसी एक विशेष दिवस अथवा आयोजन का इंतजार न करें बल्कि स्वच्छता के संस्कारों को अपने जीवन में उतारें ताकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपनों को साकार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में हर नागरिक का कतव्र्य बन जाता है कि वे अपने आस-पास के परिवेश को साफ सुथरा रखे तथा लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सभी विभागों के जिला अधिकारियों व कर्मचारियों से भी आग्रह किया कि अपने-अपने कार्यालयों में स्वच्छता के लिए श्रम दान करें तथा कार्यालय को स्वच्छ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में पूर्ण सफलता के साथ जिला को स्वच्छ बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा सग्रहण की व्यवस्था को और भी सुदृढ़ व सुचारू बनाने के लिए व्यापक पग उठाए जा रहे है जिसके लिए खुले में कूड़ा फैंकने वाले लोगों दंड लगाने की भी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *