• Thu. Apr 16th, 2026

सांसद अनुराग ठाकुर ने श्री नैना देवी जी विधान सभा क्षेत्र मे गिनाई उपलब्धियां

Byjanadmin

Feb 27, 2019


विकासात्मक योजनाओं के किए शिलान्यास व लोकापर्ण
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने श्री नैना देवी जी विधान सभा क्षेत्र मे अनेकों विकासात्मक योजनाओं के शिलान्यास व लोकापर्ण कर जनता को समर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 40 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना करोट का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि भोली पहलवाना में पेयजल योजना के सुधारीकरण पर लगभग 41.50 लाख रूपए तथा बहाव सिंचाई योजना रानी कोटला के सुधारीकरण पर लगभग 7.50 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत ग्राम पंचायत सायर डोबा एवं रानीकोटला, ग्राम पंचायत सोलधा, ग्राम पंचायत सिकरोहा के गलोड में पात्र महिलाओं को 284 निशुल्क गैस कुनैक्शन वितरित किए। उन्होंने नम्होल पंचायत के जामलाघाट में लगभग 2 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित महिला मंडल भवन का लोकापर्ण कर जनता को समर्पित किया। उन्होंने सामुदायिक भवन डोबा व रानीकोटला के कार्य को पूर्ण करने के लिए 50-50 हजार स्वीकृत किए तथा करोट अम्बेदकर भवन को 2 लाख रूपए और करोट व रानी कोटला सड़क व रास्तों के लिए 3 लाख स्वीकृत किए। उन्होंने बताया कि नैना देवी विधान सभा क्षेत्र के लोगों की पेय जल समस्या को दूर करने के लिए लगभग 50 हैंडपंप स्वीकृत किए गए हैं।उन्होंने सोलधा सामुदायिक भवन के लिए 1 लाख रूपए तथा पंचायत घर में अतिरिक्त कमरों तथा शौचालय निर्माण के लिए 3 लाख रूपए तथा दो शौचालय निर्माण के लिए 12-12 हजार रूपए स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि पंचायत में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान तथा जिम का भी शीघ्र ही निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने घुमारवीं-1, घुमारवीं-2, झंडुता व सदर के ब्लाकों की चार स्कूल प्रबन्धन समितियों को स्कूल में बेहतर कार्यों के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 10-10 हजार रूपए की सम्मान पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
उन्होंने डाईट जुखाला में सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिला स्तरीय स्कूल प्रबन्धन समितियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्कूलों में बेहतर वातावरण और पढ़ाई में गुणवत्ता व सरल बनाने के लिए स्कूल प्रबन्धन समितियां, शिक्षा विभाग, शिक्षक और अभिभावक सभी मिलजुलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबन्धन समितियां शिक्षण संस्थानों के विकास व बेहतरी के लिए सरकारी योजनाओं को लागू करने में कारगर भमिका का निर्वहन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर पर शिक्षण संस्थाओं में शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने, शिक्षक व छात्रों की उपस्थिति बेहतर करने में प्रबन्धन समितियां बेहतर कारगुजारी से शिक्षा का अलख जगा रही हैं। उन्हांेने कहा कि स्कूलों में समितियों में अभिभावकों के होने का यह फायदा रहता है कि स्वयं उनके बच्चे स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे होते हैं जिसका परिणाम यह रहता है कि प्रबन्धन समितियां सदैव विद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए तत्पर रहती है।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों का संक्षिप्त ब्यौरा देते हुए कहा कि उनके द्वारा संसदीय क्षेत्र में करोड़ों रूपए के प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में लगभग 13 सौ करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होने साढ़े सात सौ बिस्तरो वाले अखिल भारतीय आर्युेविज्ञान संस्थान का शिलान्यास करके कार्य आरंभ कर दिया गया है जिसे आगामी दो वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में मेडिकल काॅलेज शुरू कर दिया गया है तथा 500 करोड़ रूपए की लागत से ऊना के लिए पीजीआई का सैटेलाईट केन्द्र स्वीकृत करवाया गया है। उन्होंने देहरा में केन्द्रीय विश्व विद्यालय और बिलासपुर में 150 करोड़ रूपए की लागत से हाईड्रो इंजिनियरिंग काॅलेज तथा ऊना के सलोह में 400 करोड़ रूपए की लागत से आईआईआईटी स्थापित किए जाने और भानु पल्ली रेलवे लाईन का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए मार्ग व प्रतिस्र्पधा की भावना उत्पन्न करने के लिए सांसद भारत दर्शन शुरू किया गया है जिसके तहत टाॅपर बच्चों को ऐतिहासिक स्थलों व गणमान्य व्यक्तियों से मिलाया जा रहा है ताकि बच्चों को जागरूक बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि मेधावी बच्चों को एनडीए, इसरो, एमआईटी पुणे, टेक्नोलाॅजी समिट का भ्रमण करवाने के साथ-साथ उप राष्ट्रपति से भी मिलाया गया। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के लोगों को घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सांसद मोबाईल सेवा शुरू की गई है जिसके तहत लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की जा रही है तथा दवाईयां वितरित की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को 5 लाख रूपए तक का निशुल्क स्वास्थ्य बीमा योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय को दौगुणा करने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना के तहत किसानों को 6 हजार रूपए वार्षिक प्रदान किए जाएंगे जिसके तहत प्रथम किस्त 2 हजार रूपए किसानों को जारी कर दी गई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता भाजपा रणधीर शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार द्वारा श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए कोई भी कसर नही छोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र को आर्दश विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे है और निरंतर क्षेत्र के विकास को गति दी जा रही है।
इस मौके पर पंचायत प्रधान डोबा वंदना, जुखाला अनिता ठाकुर, सोलधा संत राम, सकोह के प्रधान जोगिन्द्र, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा अशोक कुमार, महामंत्री प्रेम सिंह, बीडीसी सदस्य रूप लाल, निर्मला शर्मा, उपप्रधान रानी कोटला राज कुमार, उप प्रधान जगदीश ठाकुर, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा सुरेन्द्र भारती, निदेशक एपीएमसी दौलत राम, एक्सियन आईपवीएच अरविंद शर्मा, प्रधानाचार्य डाईट अशोक शर्मा, के अतिरिक्त पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य तथा अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *