यह चुनाव देश की सेना व सुरक्षा बलों के नाम पर लड़ने जा रही भाजपा
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
पूर्व मंत्री, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व श्री नैना देवी जी से विधायक राम लाल ठाकुर ने आम चुनावों की घोषणा होने के साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा यह चुनाव देश की सेना व सुरक्षा बलों के नाम पर लड़ने जा रही है। उन्होंने यह कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल हुई है तो अब पुलवामा हमले के बदले की गई सर्जिकल स्ट्राइक को वायु सेना के नाम पर वोट मांगने की फ़िराक में है। भाजपा पिछले पांच वर्षों में किये जनता के वादों के अनुसार रोजगार दिलाने में, सौ दिनों में महंगाई कम करने में, किसानों की आय दुगनी करने में, हर आदमी को पन्द्रह लाख रुपये देने में, विदेशों से काला धन वापिस लाने, लोकपाल की नियुक्तियां करने में, राम मंदिर बनवाने में, राष्ट्रीय राजमार्मो व फोरलेन का जाल बिछाने में, स्वच्छता अभियान में, रेल विस्तार योजनाओं में, नोटबंदी में, जी एस टी में या कर प्रणाली को सुधारने में, सौ स्मार्ट सिटी बनवाने में, ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में बुरी तरह से असफल हुई है अब केवल भाजपा के पास सेना द्वारा की गई बिना सबूतों की सर्जिकल स्ट्राइक ही केवल एक मात्र हथियार है जिसके सहारे वह आम चुनाव लड़ने जा रही है, लेकिन काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है अब लोंगो को समझ आ चुका है कि खोखली देश भक्ति, खोखले भाषणों से, खोखले धर्म के रक्षक बनके और जुमलो बाजों को आम लोग समझ चुके है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने किये हुए वादों में अब खुद ही फंसती नजर आ रही है तभी अब चुनावों में सेना के माध्यम से अपनी वैतरणी पार लगाने की सोच रही है। उन्होंने कहा कि अब लोग जान चुके है कि पिछली कांग्रेस की केंद्र सरकारों ने देश को आगे ले जाने के लिए कैसे कैसे बेरोजगारी, भुखमरी, अनपढ़ता, साम्प्रदायिकता, अश्पृश्यता और धार्मिक अंमान्धता के खिलाफ लड़ाइयां लड़ी है लेकिन अब भाजपा की केंद्र सरकार इन सभी मोर्चो पर असफल रही है तभी अब यह चुनाव सेना के नाम पर लड़ने की कोशिश करने में लगी हुई है।

