19 मई को होगी वोटिंग , 23 मई को मतगणना
बिलासपुर जिला में स्थापित होंगे 414 मतदान केंद्र
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
बिलासपुर जिला में 414 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 02 हजार 563 मतदाता 19 मई को मतदान करेंगे। जिला में 1 लाख 52 हजार 632 पुरुष मतदाता और 1 लाख 49 हजार 931 महिला वोटर हैं। जिला में सात मतदान केंद्र सम्वेदनशील हैं । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विवेक भाटिया ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए 22 अप्रैल से नामांकन पत्र भरने का कार्य शुरू होगा। 19 मई को मतदान समाप्त होने पर सभी ईवीएम राजकीय पीजी कालेज बिलासपुर में सुरक्षा बलों की निगरानी में रखी जाएगी ।
भाटिया ने बताया कि वोटों की गिनती 23 मई को पीजी कालेज में ही होगी। जिला बिलासपुर में 40 सेक्टर अधिकारी व 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गयी है ।पूरे जिले में 1656 मतदान कर्मचारी मतदान करवाने के लिए नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार द्वारा अधिकतम खर्चें की सीमा 70 लाख रुपए निश्चित की गयी है। निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है ।उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री नम्बर 1950 स्थापित किया गया है।

