• Fri. Apr 17th, 2026

राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला पकड़ने लगा रफतार

Byjanadmin

Mar 20, 2019

महिला कुश्ती और कबड्डी बन रही आकर्षण का केन्द्र

जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में अब भरने लगा सतरंगी रंग। शुरूआती दौर में यद्यपि मेले में लोगों के हजूम की कमी खल रही थी लेकिन पिछले दो दिनों से एकाएक मेले ने अपनी रफतार पकड़नी शुरू कर दी है अब मेला धीरे-धीरे चरम सीमा की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। एक और जहां झूलों में बच्चों को झूला झूलने का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है वहीं महिलाएं भी झूला ग्राउंड में देखी जा सकती हैं। कैहलूर लोकोत्सव में महिला मंडल सांस्कृतिक दल अब लोगों को अपनी ओर आकर्षित करके ना केवल दर्शको का मनोरंजन कर रहे हैं बल्कि अपनी प्राचीन संस्कृति से भी लोगों को रू-ब-रू करवा रहे हैं।
पशु मंडी के लिए विख्यात बिलासपुर का नलवाडी इस वर्ष कई नए आयामों के साथ आगे बढ़ रहा है। मेले में अच्छी नस्ल की गाय, भैंस, बकरी और बैलों की स्पर्धा के अतिरिक्त लोगों को घोड़े और ऊंट की सवारी भी काफी भा रही है। इस वर्ष लोगों के मनोरंजन के लिए पैराग्लाइडिंग /ज्याॅय राईडिंग एक विशेष आकर्षण नलवाड़ी मेले की सार्थकता को प्रकट कर रही है। खेल प्रेमियों के लिए मेले में विभिन्न खेल आयोजनों के बीच महिला कब्ड्डी दर्शकों की भीड़ को अपनी ओर खींच रही है। जबकि पुरूषों की विभिन्न वर्गों की कुश्ती स्पर्घाओं के साथ-साथ महिला कुश्ती प्रतियोगिता भी विशाल कुश्ती पंडाल में अपने दांव-पेच दिखाकर लोगों को संदेश रही हैं कि बेटिया किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं।
मेला मैदान में सजी दुकानों में घरेलू सामान खरीदती ग्रामीण महिलाओं की भीड़ भी जुटना शुरू हो गई हैं । मेला देखने आए लोगों के खाने के लिए बनाए गए फूड कार्नर में भी विभिन्न राज्यों के पकवानों का लोग आनंद लेते हुए देखे जा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ सरस मेले में लगे फूड कोर्ट में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यजनों के अतिरिक्त मांसाहारी शौकिन लोगों के लिए बलटोही मीट का कार्नर भी लोगों को अपनी ओर खींच रहा हैं।
मेले में आए लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए भाखड़ा व्यास प्रबन्धन बोर्ड द्वारा मेले के मुख्य द्वार में लगाया गया स्टाल भी लोगों की स्वास्थ्य सेवा में जुटा हुआ है। स्टाल में जुटती आपार भीड़ से जाहिर हो जाता है कि प्रबन्धन द्वारा प्रशिक्षित चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है जो स्वास्थ्य जांच के अतिरिक्त लोगों को निशुल्क दवाईयां भी प्रदान कर रही है। लोगों को घूल व मिट्टी से बचाने के लिए मेला समिति द्वारा ट्रैक्टर के माध्यम से पानी का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मेले में कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं मेला ग्राउंड में पुलिस विभाग का सहायता कक्ष भी लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा हैं।
मेले में किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना व अन्य आपदा से बचने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा फायर बिग्रेड की गाड़ी भी तैनात की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *