शिमला
प्रदेश के लोगों को उनके घरद्वार के समीप गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना राज्य सरकार का मुख्य उदेदश्य है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज यहां चमियाना में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के शुभारम्भ के उपरांत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोगों की शिकायतों का उनके घरद्वार के निकट समाधान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से जनमंच शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर घर के लिए रसोई गैस सिलेंडर व चूल्हा प्रदान करने के उद्देश्य से हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र से राज्य के विकास के लिए उदार वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र से 6,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को स्वीकृत करने में सफल रही है, जो स्वयं में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का पसंदीदा पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में अनछूए पर्यटक स्थलों की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश, प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मना रहा है और हम सभी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं, ताकि वे कई वर्षों तक देश का मार्गदर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि अन्य नेताओं के विपरीत, प्रधान मंत्री देश के लोगों के साथ-साथ जन्मदिन मना रहे है और प्रदेश व देशभर में अनेक कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश को हर क्षेत्र में विकास के शिखर पर लाना चाहती है।
इससे उपरांत, मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस कनेक्शन वितरित किए।