• Sat. Jul 4th, 2026

इस बार भी चारों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित : जयराम ठाकुर

Byjanadmin

Mar 29, 2019

घुमारवीं में हुआ आयोजित भाजपा महिला मोर्चा मंडल घुमारवीं का सम्मेलन

जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अभी तक अपने प्रत्याशियों को घोषित नहीं कर पाई है, ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस इस बात से भलीभांति परिचित है कि इस बार भी चारों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला बिलासपुर के विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा मंडल घुमारवीं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी लोकसभा चुनाव से घबरा गए हैं। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी में टिकट को लेकर एक-दूसरे को धकेलने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने बेटियों एवं महिला सशक्तिकरण तथा उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा विगत पांच वर्षों में नारी शक्ति के सम्मानस्वरूप कई योजनाएं चलाई गई जिनके सुखद परिणाम आए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा इसके लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है ताकि सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित बनाए जा सके। जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा झूठ का सहारा लिया है और लोगों से झूठे वायदे कर उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस आज 44 सीटों वाली पार्टी बनकर रह गई है और कोई भी कांग्रेस से टिकट लेने के लिए इच्छुक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के लिए जुझारू एवं कर्मठ नेता घोषित किए हैं। उन्होंने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि देश की बागडोर पुनः मजबूत नेतृत्व को संभालने के लिए चारों सीटों पर भाजपा को भारी मतों से जीत दिलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण के लिए मोदी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की है। उन योजनाओं से हिमाचल के भी लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं। केंद्र में कांग्रेस पार्टी 10 साल सत्ता में रही लेकिन उपलब्धियों का आंकड़ा कम और आरोपों का आंकड़ा अधिक रहा। दूसरी ओर मोदी सरकार का 5 साल का कार्यकाल जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्हांेने कहा कि देश को ऐसे की नेतृत्व की आवश्यकता है, इसके लिए पुनः नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से युवा नेता अनुराग ठाकुर को प्रत्याशी घोषित किया गया है। अनुराग ने संसद में कई बार हिमाचल एवं हमीरपुर की आवाज को उठाया है। ऐसे में उन्हें विश्वास है कि स्थानीय जनता उन्हें लोकसभा चुनाव में पुनः ऐतिहासिक जीत दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार की दृष्टि से इस क्षेत्र से नारी शक्ति के कार्यक्रम से शुरूआत की गई है, ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि भाजपा को इस क्षेत्र से भारी मतों से जीत प्राप्त होगी। इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर व अन्य उपस्थित उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *