• Sun. Feb 1st, 2026

हमीरपुर में नाबालिग़ प्रवासी बच्ची से दुष्कर्म

Byjanadmin

Jun 7, 2019

थाना के बाहर हंगामे के बाद आरोपी गिरफ़्तार

मेजिस्ट्रेट के समक्ष बच्ची का ब्यान दर्ज

जनवक्ता ब्यूरो, हमीरपुर
हमीरपुर नगर में पुलिस थाने के पास एक नाबालिग़ पाँच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला पंजीकृत हुआ है । पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है।प्रवासी परिवार नेपाल से है तथा दिहाड़ी मज़दूरी कर गुज़ारा करता है।
आपको बता दें कि बच्ची से दुष्कर्म मामले की रिपोर्ट सबसे पहले हमीरपुर मीडिया के पास पहुँची। मीडिया ने इस बारे पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन को बताया । एसपी ने तुरंत एक्शन लेते हुए डीएसपी रेणु शर्मा को इस केस को देखने के निर्देश दिए । महिला पुलिस थाना हमीरपुर की एसएचओ पीडिता व परिवार के सदस्यों को पुलिस की गाड़ी में थाना में ले गयी । देर रात मामला पुलिस स्टेशन सदर में आ गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को आई पी सी की धारा 376 तथा पोस्को एक्ट की धारा 4 के तहत गिरफ़्तार कर लिया है । पीड़ित बच्ची के ब्यान सीआरपीसी 164 के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दर्ज कर लिए गये हैं ।

घटना के बाद जनता में दिखा आक्रोश


जैसे ही इस घटना का पता जनता को लगा , लोगों में आक्रोश फैल गया । बच्ची के मेडिकल व आरोपी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज होने में हुई देरी के कारण विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी लोगों के बीच पहुँच गये । उन्होंने पुलिस की भूमिका पर कई सवाल उठाए तथा पीडिता के न्याय के लिए कड़े क़दम उठाए जाने की चेतावनी दी ।
वहीं , जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रधान नरेश ठाकुर के नेतृत्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग की है। इस मौक़े पर कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। छोटी बच्चियों से दुष्कर्म हो रहे हैं तथा प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है ।
उधर , घटना का विरोध करने के लिए छात्र संगठन एसएफआई और डीवाईएफआई ने भी मिनी सचिवालय के बाहर धरना दिया । छात्र संगठन आरोपी को सख़्त से सख़्त सज़ा दिलवाए जाने की माँग कर रहे थे ।
सारे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए डीएसपी हमीरपुर , हितेश लखनपाल ने कहा कि क़रीब तीन चार दिन पुराने एक बच्ची से हुए दुष्कर्म मामले की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है । बच्ची का ब्यान मेजिस्टैट के सामने करवा लिया गया है।आरोपी के ख़िलाफ़ धारा 376 व पोस्को एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ़्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *