सब्जी मंडी भवन के सामने बेशकीमती भूमि पर किया गया है कब्जा
प्रशासन की ओर से कार्यवाही के नाम पर रवैया ढुलमुल ही रहा
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
नगर का सब्जी मंडी मार्ग शहरवासियों ने परेशानी का सबब बन गया है। नित दिन यहां पर यातायात के बाधित होने से लोगों में परेशानी व्याप्त है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब यहां पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण मार्ग अवरूद्ध न होता हो और कोई लड़ाई झगड़ा न होता हो। उल्लेखनीय है कि नगर के बीचों बीच स्थित सब्जी मंडी सड़क पर हर रोज सब्जी फ्रूट लाने वाले अपने वाहनों को आड़ा तिरछा लगा देते हैं। यहीं नहीं सब्जी मंडी के थोक विक्रेता अपनी दुकानदारी बड़ी शान से सड़क पर लगाते हैं। हालांकि इन्हें दुकानें अलॉट हुई है बावजूद इसके सारी दुकानदारी सड़क पर लगती है। सब्जी मंडी भवन के सामने बेशकीमती भूमि पर कब्जा किया गया है। सुबह का समय बोली का होता है तथा क्रेता और विक्रेता सड़क पर ही मोल भाव करते हैं। ऐसे में सामान को ढोने और उतारने का सिलसिला बदस्तूर जारी रहता है। यहां पर लोगों द्वारा सड़क को पूरी तरह घेर लिया जाता है जिस कारण फोर व्हीलर का क्रास होना तो दूर की बात है, टू व्हीलर भी बहुत मुश्किल से क्रास हो पाता है। इसके विपरीत यदि कोई दुकानदारों को सड़क छोड़ने के लिए कहता है तो वे मारपीट के लिए उतारू हो जाते हैं। गौर हो कि सुबह आठ से लेकर साढ़े नौ बजे तक का समय स्कूली बच्चों के स्कूल जाने का होता है। कई बार इस जाम में फंसकर बच्चे न सिर्फ स्कूल के लिए लेट होते हैं बल्कि टीचरों के क्रोध का भी शिकार होते हैं। इस संवेदनशील मसले को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन प्रशासन की ओर से कार्यवाही के नाम पर रवैया ढुलमुल ही रहा है। अधिवक्ता राजेश मिश्रा, शुभम, विकास, प्रकाश, राजन कुमार, सचिन और अतुल आदि ने बताया कि जाम की स्थिति में सुबह सुबह लड़ाई झगड़ा यहां पर आम बात है। गौर हो कि इस स्थान के कुछ मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है लेकिन कभी कोई जवान यहां पर व्यवस्था को ठीक करता नही पाया गया है। नगर के बुद्धिजीवी वर्ग की माने तो इस सब्जी मंडी को स्थानांतरित कर शहर के बाहर किया जाना चाहिए ताकि जनता को हर रोज होने वाली परेशानी से बचाया जा सके।

